Ad.

Sunday, July 5, 2015

बिहार पुलिस की क्रूरता, छात्र को बेरहमी से पीटा, दोनों किडनी फेल

बिहार पुलिस का एक और स्याह और बेरहम चेहरा लोगों के सामने आया है. किशनगंज पुलिस पर बीएसएफ में बहाली के लिए गए सिकू राज भारद्धाज नामक छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगा है. इस पिटाई में दोनों किडनी फेल हो गई.
अब सिकू राज पिछले दो दिनों से पटना के एक प्राइवेट अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. सिकू के परीजनों का कहना है कि 1 जुलाई को सिकू बीएसएफ में बहाली के लिए किशनगंज गया था और बहाली के दौरान ही वह बीएसएफ के अधिकारी से उलझ गया था. इसके बाद बीएसएफ वालों ने उसे पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया था.
परिजनों का आरोप है कि हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उसकी ऐसी बर्बरतापूर्वक पिटाई की है कि उसके शरीर के कई अंग क्षतिग्रस्त हो गए. परिजनों के अनुसार पिटाई से उसको इनफेक्शन के कारण उसकी दोनों किडनी और लीवर डैमेज हो चुके हैं और उसके बचने के आसार नहीं है.
इधर, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गांधी मैदान थाने को मामले की छानबीन करने का आदेश दिया है. परिजन इस मामले मे सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.

एसएसपी विकास वैभव के निर्देश पर गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर है और उसे वैंटिलेटर पर रखा गया है.

व्‍यापमं घोटाले की जांच से जुड़े अरुण शर्मा की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा

भोपालः मध्य प्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं मामले में फर्जी परीक्षार्थियों की जांच कर रहे जबलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के डीन अरुण शर्मा की मौत मामले में खुलासा हुआ है कि दो दिन पहले ही इस घोटाले से जुड़े कुछ दस्तावेज शर्मा ने केस की जांच कर रहे विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को को सौंपे थे। डॉ़ अरूण शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में दिल्ली में मत पाए गए हैं।

भारतीय चिकित्सा संघ के जिला अध्यक्ष डॉ़ सुधीर तिवारी ने बताया, दिल्ली में होटल के अपने कमरे में डॉ़ शर्मा मृत अवस्था में पाए गए हैं। वह डॉ़ डी के साकल्ले के बेहद नजदीक थे। सुधीर तिवारी ने अपनी जान को भी खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

दूसरी ओर कांग्रेस ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के सिटिंद जज के अध्यक्षता में व्यापमं घोटाले की जांच करवाई जाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान इस घोटाले की सीबीआई जांच करवाने के पक्ष में नहीं हैं।

बताया जा रहा है कि डॉ शर्मा राजधानी दिल्ली के एक होटल में ठहरे हुए थे। उनके रविवार को अगरतला मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए जाना था। इस बात की जानकारी उन्होंने होटल कर्मचारियो को दी थी और कहा था कि मुझे सुबह साढे चार बजे तक उठा दिया जाये। डॉ शर्मा की राजधानी दिल्ली से अगरतला के लिए सुबह छह बजे की प्लाइट थी।

रविवार सुबह जब एक होटल के एक कर्मचारी ने डॉ शर्मा को जगाने के लिए उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। जब दरवाजा खोल कर देखा गया तो डॉ शर्मा अचेत पडे हुए थे। होटल कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

पुलिस को डॉ शर्मा के कमरे से शराब की एक बोतल भी मिली जिसमें काफी कम मात्रा में शराब बची हुई थी। डॉ शर्मा का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

डॉ़ शर्मा की मौत इसलिए महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि एक साल पहले ऐसी ही रहस्यमय परिस्थितियों में उनके पूर्ववर्ती डीन डॉ़ साकल्ले भी जबलपुर में मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अपने आवास में मृत पाए गए थे। डॉ़ साकल्ले व्यापमं घोटाले से जुड़े ऐसे लोगों की जांच कर रहे थे, जो जालसाजी कर प्री-मेडिकल टेस्ट (पीएमटी) में सफल हुए थे। डॉ़ तिवारी ने कहा, हमारी मांग है कि डॉ़ शर्मा के शव का पोस्टमार्टम, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जाना चाहिए।

उन्होने कहा कि डॉ़ साकल्ले के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के बाद हुई शोक सभा में डॉ़ शर्मा ने कहा था कि वह (साकल्ले) आत्महत्या नहीं कर सकते थे। जबकि पुलिस जांच में यही पाया गया था कि डॉ़ साकल्ले ने आत्महत्या की थी।

आईएमए के जिला अध्यक्ष ने कहा, आशंका है कि डॉ़ शर्मा को भी चीनी लेजर गन से मारा गया है, जिससे मुझे लगता है कि डॉ़ साकल्ले को मारा गया था। मुझे पता चला है कि दो दिन पहले ही डॉ़ शर्मा ने व्यापमं घोटाले को लेकर एसटीएफ को एक रिपोर्ट सौंपी है।

जेठमलानी का दावा: दाऊद को लाया जा सकता था भारत, पवार ने कहा था 'ना'

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को भारत लाए जाने को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक विवादों के बीच वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया है कि दाऊद को भारत लाया जा सकता था. लेकिन शरद पवार की वजह से ऐसा नहीं हो सका.

एक अंग्रेजी अखबार की खबर को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी छोटा शकील से नहीं बल्कि दाउद इब्राहिम से बात हुई थी और दाऊद ने कहा था कि उसने बम ब्लास्ट नहीं करवाया है. वह भारत आ जाएगा, बशर्ते उसके साथ सही सलूक किया जाए. लेकिन उसकी इस पेशकश को महाराष्ट्र में तत्कालीन सीएम शरद पवार ने खारिज कर दिया था.

नहीं स्वीकार थी दाऊद की शर्तें
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि वकील राम जेठमलानी ने 90 के दशक में दाऊद इब्राहिम के समर्पण के लिए तैयार हो जाने पर उनसे संपर्क किया था. दाऊद ने समर्पण के लिए जो शर्ते रखी थीं, वे राज्य सरकार को स्वीकार्य नहीं थी, इसीलिए उसकी पेशकश खारिज कर दी गई. उसकी पहली शर्त थी कि उसे जेल में रखने की बजाए घर में नजरबंद रखा जाए.

एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में इससे पहले दाऊद इब्राहिम के सहयोगी छोटा शकील ने कहा था कि 1993 के मुंबई बम ब्लास्ट के बाद दोनों ने देश वापस लौटने की पेशकश की थी. लेकिन इसे भारत सरकार ने ठुकरा दिया था. अब वे भारत लौटने से हिचक रहे हैं. इस बारे में उसकी वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी से भी बातचीत हुई थी.

नरेंद्र मोदी ने किया था वादा
दाऊद इब्राहिम को भारत लाने की कवायद काफी दिनों से चल रही है. यह मोदी सरकार के एजेंडे में भी है. लोकसभा चुनाव के समय नरेंद्र मोदी ने भी कहा था कि दाऊद को वापस लाने जैसे ऑपरेशन प्रेस रिलीज जारी करके नहीं किए जाते. अमेरिका ने लादेन के खिलाफ कार्रवाई प्रेस रिलीज जारी करके नहीं की थी.

इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक, छोटा शकील 1993 के मुंबई धमाकों के बाद से ही दाऊद इब्राहिम के साथ कराची में रह रहा है. यही 'डी' कंपनी का सबसे खास सिपहसालार भी है. इसी ने दाऊद इब्राहीम के सबसे बड़े दुश्मन छोटा राजन को ठिकाने लगाने की सुपारी ले रखी है.

सौजन्य: आज तक 

Sunday, June 28, 2015

'पीएम मोदी ने किया है ललित मोदी को ED से बचाने का वादा'

हैदराबाद। ललित मोदी विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर उन पर जोरदार प्रहार करते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि वह आईपीएल के पूर्व प्रमुख के खिलाफ मामलों में उनकी मदद कर रहे हैं।
सिंह ने कहा कि रविवार को प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ करते हैं लेकिन उन मूलभूत सवालों का जवाब नहीं देते जो पिछले पखवाड़े भर से ललित मोदी विवाद से उभर कर सामने आए हैं। मेरा आरोप है कि ललित मोदी की प्रधानमंत्री मदद कर रहे हैं। मेरा आरोप है कि उन्होंने ललित मोदी से वादा किया है कि जिन मामलों में प्रवर्तन निदेशालय उनकी जांच कर रहा है उनमें उन्हें बचा लिया जाएगा।
पीएम मोदी ने किया है ललित मोदी को ED से बचाने का वादा: दिग्विजय दिग्विजय सिंह ने कहा कि रविवार को प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ करते हैं लेकिन उन सवालों का जवाब नहीं देते जो पिछले पखवाड़े भर से ललित मोदी विवाद से उभर कर सामने आए हैं।

दिग्विजय सिंह ने जोर देते हुए कहा कि उन्होंने बार बार ये सवाल उठाए हैं पर बीजेपी के पास जवाब नहीं है। इस पर नरेंद्र मोदी को पाक साफ होने दीजिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी नैतिकता और जवाबदेही की बात करती है लेकिन जब बीजेपी द्वारा इसे व्यवहार में लाने की बारी आई तब उन्होंने कहा कि हम जो कहते वह पूरी तरह से सच है। सिर्फ यूपीए के मंत्री इस्तीफा देंगे और एनडीए के नहीं, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के इस बयान पर कांग्रेस नेता ने इसे हेकड़ी बताया।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह एक फासीवादी चरित्र से जुड़ी हुई हेकड़ी है जो फासीवाद का ही एक चेहरा है जिसके लिए बीजेपी जानी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो मीडिया की सुखिर्यों में रहना पसंद करते हैं और हर मुद्दे पर ट्वीट करते हैं, अहम मुद्दों पर मौन साधे हुए हैं।
सिंह ने कहा कि हम उनसे ललित मोदी के साथ उनके संबंध जानना चाहेंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को अपने लपेटे में लेने वाले ललित मोदी विवाद पर और क्या कार्रवाई की गई, उस बारे में हम उनसे जानना चाहेंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और रामशंकर कठेरिया की शैक्षणिक योग्यता के बारे में भी जानना चाहेंगे। हम महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे की शैक्षणिक योग्यता के बारे में भी जानना चाहेंगे। साथ ही यह भी जानना चाहेंगे कि महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने निविदा जारी करने में नियमों का पालन किया था या नहीं। उन्होंने कहा कि लेकिन नरेंद्र मोदी मौन हैं।

Saturday, June 27, 2015

आंतकी हमले में खून से लथपथ तीन देश, 54 लोगों की गई जान

नई दिल्ली: दुनिया के तीन देशों फ्रांस, कुवैत और ट्यूनीशिया में शुक्रवार को हुए आतंकी हमलों में अब तक 54 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं।

कुवैत में एक मस्जिद में हुए ब्लास्ट में 25 लोगों की मौत हो गई है। अल सवाबेर इलाके की इमाम सादिक़ मस्जिद में ये ब्लास्ट शुक्रवार की नमाज़ के दौरान हुआ। कुछ लोग ज़ख्मी भी हुए हैं। इस बीच आतंकवादी संगठन IS ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है।

वहीं फ्रांस में लियोन के पास एक गैस फैक्टरी पर हुए आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक के घायल होने की ख़बर है। ख़बरों के मुताबिक फैक्टरी में कई छोटे-छोटे धमाके भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि दो हमलावर एक झंडा लिए फैक्टरी में दाखिल हुए, जिस पर अरबी में कुछ लिखा था। पुलिस ने हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है।

फ्रांस, कुवैत के अलावा ट्यूनीशिया में भी एक होटल को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 27 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। पुलिस ने एक हमलावर को मार गिराया है और दूसरे को पकड़ लिया है।

ट्यूनीशिया में मार्च से ही हाई अलर्ट है, जब राजधानी ट्यूनिस में आतंकवादियों ने 22 लोगों को मार दिया था। इनमें ज़्यादातर विदेशी सैलानी थे।